July 30, 2026

AI से देवी-देवताओं की आपत्तिजनक तस्वीरों पर रोक की मांग, बजरंग दल ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

रायपुर। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के माध्यम से हिंदू देवी-देवताओं की कथित आपत्तिजनक और विवादित तस्वीरें एवं प्रतिमाएं तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने के विरोध में बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने ऐसे कंटेंट के निर्माण और प्रसार पर तत्काल रोक लगाने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में बजरंग दल ने कहा कि वर्तमान समय में कुछ लोग AI तकनीक का उपयोग कर हिंदू देवी-देवताओं के आपत्तिजनक स्वरूप तैयार कर सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। संगठन का आरोप है कि इससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है।

बजरंग दल ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे आपत्तिजनक और विवादित चित्रों एवं प्रतिमाओं के निर्माण और प्रसार पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही इस तरह की सामग्री बनाने और प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

संगठन ने अपने ज्ञापन में कहा कि सामाजिक सद्भाव और शांति बनाए रखने के लिए प्रशासन को इस मामले में आवश्यक और प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो छत्तीसगढ़ बजरंग दल इस प्रकार की सामग्री पर रोक लगाने के लिए आंदोलनात्मक कदम उठाने को बाध्य होगा।

फिलहाल, इस संबंध में जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।