कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में आर्थिक तंगी और भारी लेन-देन के दबाव में एक व्यापारी द्वारा परिवार सहित आत्महत्या की कोशिश का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि व्यापारी ने अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ जहर का सेवन कर लिया, जिसके बाद सभी की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना कवर्धा थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार मामला करीब 4 करोड़ रुपये के लेन-देन और उधारी से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। व्यापारी पर लगातार कर्ज चुकाने का दबाव था और पैसे मांगने पर उसे कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां भी मिल रही थीं। इसी तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से पुलिस को तीन पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें व्यापारी ने अपनी आर्थिक परेशानियों और लेन-देन से जुड़ी स्थिति का विस्तार से उल्लेख किया है।

कवर्धा थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने बताया कि कवर्धा निवासी योगेश जैन ने अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ जहर का सेवन किया है। परिजनों ने सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि पीड़ितों की हालत के चलते अभी बयान दर्ज नहीं किया जा सका है।
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल को सील कर सुसाइड नोट के आधार पर जांच शुरू कर दी है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।




