March 3, 2026

मंत्री लखनलाल देवांगन की होली शुभकामनाएं, 25.28 लाख किसानों को 10,324 करोड़ की सहायता राशि का जिक्र

रायपुर। वाणिज्य एवं उद्योग तथा श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने रंगों के पर्व होली पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने कामना की कि होली का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।

मंत्री देवांगन ने कहा कि संवेदनशील मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर राज्य सरकार ने अपने वादे के अनुरूप होली से पहले प्रदेश के 25.28 लाख किसानों को कृषक उन्नति योजना के तहत 10,324 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि उनके बैंक खातों में अंतरित की है। इससे किसानों का उत्साह दोगुना हुआ है और वे त्योहार अधिक खुशी से मना रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में श्रमिकों और उनके परिवारों की बेहतरी के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। डीबीटी के माध्यम से छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा अब तक लगभग 800 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता हितग्राहियों को दी जा चुकी है, जिससे श्रमिकों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो रही है।

मंत्री देवांगन ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और भारतीय परंपराओं की जीवंत अभिव्यक्ति का पर्व है। उन्होंने प्रदेशवासियों से प्रेम, सौहार्द और सद्भाव के रंगों से समाज को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।