May 14, 2026

PM मोदी की अपील पर कांग्रेस को आपत्ति, CM साय बोले- देशहित के हर फैसले का विरोध करती है कांग्रेस

रायपुर। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा डीजल-पेट्रोल की खपत कम करने की अपील पर सियासत तेज हो गई है। इस मुद्दे पर कांग्रेस की आपत्ति पर मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस हर अच्छे काम का विरोध करती है।

नई दिल्ली रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण वैश्विक परिस्थितियां प्रभावित हुई हैं। इसे ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री ने ईंधन की खपत कम करने का आह्वान किया है और राज्य सरकार भी उस पर अमल कर रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या भी कम कर दी है।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि उनके साथ गृह मंत्री Vijay Sharma भी दिल्ली दौरे पर हैं और दोनों केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah से मुलाकात करेंगे। इस दौरान बस्तर में चल रहे मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बस्तर अभियान और अग्रणी बस्तर अभियान की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इन अभियानों के तहत लोगों के कार्ड बनाए जा रहे हैं और कई योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

वहीं केंद्र सरकार द्वारा फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी पर मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी और भारत सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कई फसलों के MSP में वृद्धि की गई है, जिसमें धान भी शामिल है। इससे किसानों को सीधा फायदा मिलेगा।