रायपुर। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसई) 2025-26 की परीक्षा 02 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के माध्यम से कक्षा 8वीं में अध्ययनरत आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक केंद्र सरकार की ओर से प्रतिमाह 1,000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर के सचिव कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। विद्यार्थी ऑफलाइन आवेदन पत्र भर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 20 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। इस संबंध में मंडल द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
पात्रता की शर्तें
राज्य शासन द्वारा संचालित शासकीय, शासकीय अनुदान प्राप्त एवं स्थानीय निकाय के विद्यालयों में कक्षा 8वीं में अध्ययनरत विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। आवेदक को कक्षा 7वीं में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक (एससी/एसटी वर्ग के लिए 5 प्रतिशत की छूट) के साथ उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही माता-पिता या पालक की वार्षिक आय सभी स्रोतों से 3.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, निजी एवं आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।
एनएमएमएसई परीक्षा 2025-26 के लिए आवेदन पत्र का प्रारूप एवं परीक्षा केंद्रों की सूची सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और 145 परीक्षा केंद्राध्यक्षों को भेज दी गई है। विस्तृत जानकारी मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।
सचिव पुष्पा साहू ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में परीक्षा में शामिल होकर केंद्र सरकार की इस छात्रवृत्ति योजना का लाभ उठाएं।




