June 21, 2026

धमतरी में 90 हजार की हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार, नकदी और बाइक भी जब्त

धमतरी। छत्तीसगढ़ की धमतरी पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 90 हजार रुपये कीमत की हेरोइन, नगदी और बाइक बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पीजी कॉलेज ग्राउंड के पास अवैध हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी (40 वर्ष) निवासी रायपुर के रूप में हुई, जो वर्तमान में धमतरी के सोरिद नगर डीपोपारा में रह रहा था। तलाशी लेने पर उसके पास से 4.76 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 90 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नगद और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 2 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है।

आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस अधीक्षक धमतरी ने जिलेवासियों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही कहा कि युवाओं के भविष्य को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।