बेमेतरा। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढारा में हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आपसी विवाद के चलते छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की गैती से हमला कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 25 वर्षीय प्रदीप साहू के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने गुस्से में आकर बड़े भाई प्रदीप साहू पर गैती से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त गैती भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की है। प्रारंभिक जांच में दोनों भाइयों के बीच आपसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर थाना लाया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।





