July 31, 2026

भिवंडी में चार मंजिला इमारत ढही, 9 की मौत; मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका

मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई के पास भिवंडी इलाके में गुरुवार रात बड़ा हादसा हो गया। यहां स्थित चार मंजिला रिहायशी इमारत ‘कोहिनूर’ अचानक भरभराकर ढह गई। इमारत गिरते ही पूरे इलाके में धूल का गुबार छा गया और अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), भिवंडी पुलिस, दमकल विभाग और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।

एनडीआरएफ के मुताबिक, हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि मलबे के नीचे कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका बनी हुई है। बचाव दल पोकलेन मशीनों और अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से मलबा हटाने में जुटा है। अधिकारियों का कहना है कि फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अभियान लगातार जारी है।

मरम्मत के दौरान कमजोर हुई इमारत की नींव

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह इमारत काफी पुरानी थी और पिछले कुछ दिनों से इसमें मरम्मत का कार्य चल रहा था। आरोप है कि मरम्मत के दौरान ठेकेदार और मजदूरों ने इमारत के तीन पिलर तोड़ दिए, जिससे भवन की संरचना कमजोर हो गई। पिलरों के हटने के कारण नींव पर दबाव बढ़ा और इमारत अचानक अपना संतुलन खोकर ढह गई।

आवाज सुनकर बाहर निकले कई निवासी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इमारत गिरने से कुछ क्षण पहले तेज आवाज और कंपन महसूस हुआ। खतरे का अंदेशा होते ही अधिकांश निवासी समय रहते इमारत से बाहर निकल आए, जिससे बड़ा जनहानि टल गई। हालांकि, पहली मंजिल पर मौजूद कुछ लोग और मरम्मत कार्य में लगे मजदूर मलबे में दब गए।

जिला प्रशासन ने बताया कि राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। मलबे को हटाने के साथ-साथ हर संभावित स्थान पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा कारणों से खाली करा दिया है और लोगों से घटनास्थल के पास न जाने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे के सही कारणों और मलबे में फंसे लोगों की वास्तविक संख्या की पुष्टि की जा सकेगी।