मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के लोकप्रिय रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के नए सीजन का आधिकारिक ऐलान हो गया है। शो के मेकर्स ने जियो हॉटस्टार पर पोस्ट साझा कर ‘बिग बॉस 20’ की घोषणा की है। दो दशक पूरे करने जा रहे इस शो को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्साह बना हुआ था।
मेकर्स ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा कि “दो दशक बाद भी बिग बॉस सबसे आइकॉनिक रियलिटी शो बना हुआ है।” शो के टास्क, विवाद और प्रतियोगियों के बीच होने वाली नोकझोंक हमेशा दर्शकों का मनोरंजन करती रही है। कई प्रतिभागियों को इस मंच से बड़ी पहचान और लोकप्रियता भी मिली है।
इन सितारों के शामिल होने की चर्चा
‘बिग बॉस 20’ में हिस्सा लेने वाले संभावित प्रतियोगियों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार अरबाज पटेल, अर्जुन बिजलानी, भव्या सिंह, जन्नत जुबैर, करण पटेल, मिस्टर फैजू, निया शर्मा, रिद्धिमा गुप्ता, रुरु ठाकुर और सैंटी शर्मा जैसे नाम सामने आ रहे हैं। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक प्रतियोगियों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की है।
एक साथ छह भाषाओं में लॉन्च होगा शो
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार ‘बिग बॉस’ के छह संस्करण एक साथ लॉन्च किए जाएंगे। शो हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़, मलयालम और बांग्ला भाषाओं में प्रसारित होगा। इसकी शुरुआत सितंबर 2026 में होगी। दर्शक इसे कलर्स टीवी पर और ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर देख सकेंगे।
ये स्टार्स करेंगे अलग-अलग भाषाओं के संस्करण होस्ट
- हिंदी – सलमान खान
- तमिल – विजय सेतुपति
- तेलुगू – नागार्जुन
- कन्नड़ – किच्चा सुदीप
- मलयालम – मोहनलाल
- बांग्ला – सौरव गांगुली
‘बिग बॉस 20’ के ऐलान के साथ ही शो को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। अब सभी की नजरें प्रतियोगियों की आधिकारिक सूची और शो की लॉन्च डेट पर टिकी हैं।




