June 19, 2026

रायपुर में युवक से 19 हजार की लूट, सिर पर हमला कर नकदी लेकर फरार हुए बदमाश

रायपुर। राजधानी रायपुर में देर रात लूट की वारदात सामने आई है। दो बाइक में सवार अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर हमला कर उससे 19 हजार रुपये नकद लूट लिए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले में माना कैंप थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पखांजूर जा रहा था युवक

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित निलेश घोष (26) कांकेर जिले के पखांजूर का निवासी है। वर्तमान में वह रायपुर के कमल विहार सेक्टर-4 स्थित वेलफेयर कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर एक रियल एस्टेट कंपनी में कार्यरत है।

सिर पर हमला कर लूटे 19 हजार रुपये

निलेश ने पुलिस को बताया कि 14 जून की रात करीब एक बजे वह कंपनी से भुगतान के रूप में मिले 19 हजार रुपये नकद लेकर अपनी बाइक से पखांजूर के लिए रवाना हुआ था। डुमरतराई स्थित पेट्रोल पंप में पेट्रोल भरवाने के बाद जैसे ही वह आगे बढ़ा, तभी दो बाइकों में सवार अज्ञात युवक उसके पास पहुंचे।

आरोप है कि बदमाशों ने उसके सिर पर किसी वस्तु से हमला कर उसे सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद लात-घूंसों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी जेब में रखे 19 हजार रुपये निकालकर फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर माना कैंप थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(6) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।