रायपुर। रायपुर में होली पर्व को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर नशे में वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कसा है। पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) विकास कुमार के निर्देश पर शहरभर में सघन चेकिंग की गई, जिसमें 130 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात/प्रोटोकॉल) दौलत राम पोर्ते के मार्गदर्शन में 42 चेकिंग प्वाइंट बनाए गए। सहायक पुलिस आयुक्त सतीष ठाकुर, सुरेन्द्र साय पैकरा, रमेश येरेवार, गुरजीत सिंह और सीमा अहिरवार के नेतृत्व में शाम से देर रात तक ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई।
39 कार, 73 बाइक समेत 130 वाहन जब्त
जांच के दौरान 39 कार, 73 मोटरसाइकिल, 3 ट्रक और 15 टाटा एस, पिकअप व ई-रिक्शा चालकों को नशे में वाहन चलाते पकड़ा गया। सभी के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई कर वाहन जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, होली के बाद सभी मामलों को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां प्रति प्रकरण 10 हजार से 15 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
होली तक जारी रहेगा अभियान
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर होली तक विशेष रूप से रात्रि में चेकिंग अभियान जारी रहेगा।
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें और त्योहार के दौरान जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।





