May 28, 2026

बिलासपुर में खूनी विवाद से लेकर करोड़ों की ठगी तक हड़कंप, पुलिस-खनिज विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई

बिलासपुर। मोटरसाइकिल हटाने की मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। तोरवा थाना क्षेत्र में युवकों पर लोहे के चूड़े और चाकू से जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद फरार एक आरोपी को मध्यप्रदेश से दबिश देकर पकड़ा गया, जबकि दूसरे आरोपी को उसके घर से हिरासत में लिया गया। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल लोहे का चूड़ा भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, 24 मई की रात करीब 8.20 बजे अयन पाटले बाजार गया हुआ था। इसी दौरान मोटरसाइकिल हटाने की बात को लेकर कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने अयन के सिर पर लोहे के चूड़े से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर उसका भाई अमन पाटले मौके पर पहुंचा, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी फरार हो चुके थे। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी निर्मल पासी मोबाइल बंद कर मध्यप्रदेश के महूरी क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने देर रात दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरे आरोपी शिवम पासी को उसके घर से पकड़ा गया। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

अवैध खनन और परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई
बिलासपुर में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 जेसीबी, 1 लोडर मशीन और 5 हाईवा समेत कुल 9 वाहनों को जब्त किया है। पचपेड़ी, लावर और मस्तूरी क्षेत्र में संयुक्त जांच अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। वहीं ग्राम लिम्हा स्थित मेसर्स कश्यप कोल डिपो को भी सील कर दिया गया। बताया गया कि भंडारण अवधि समाप्त होने के बावजूद डिपो का संचालन जारी था। कार्रवाई के दौरान करीब 1500 मीट्रिक टन कोयला भी जब्त किया गया है।

तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक की मौत
मस्तूरी थाना क्षेत्र के भदौरा के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। मृतक पेशे से इलेक्ट्रिशियन था और काम खत्म कर घर लौट रहा था। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जमीन के नाम पर महिला से 1.90 करोड़ की ठगी
गोंडपारा निवासी महिला ने जमीन खरीदने के नाम पर 1 करोड़ 90 लाख रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि आरोपी अंकित एक्का ने ब्लैंक चेक देकर भरोसे में लिया और जमीन की रजिस्ट्री कराने के बाद रकम नहीं लौटाई। शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तेल डीलरशिप दिलाने के नाम पर 4.50 लाख की ठगी
तारबाहर थाना क्षेत्र में तेल डीलरशिप दिलाने का झांसा देकर व्यापारी से 4 लाख 50 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। राजकिशारेनगर निवासी व्यापारी वंश पमनानी ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसके परिचित राकेश सोनी ने खुद को अरपा एडेबल्स कंपनी का रीजनल मैनेजर बताकर रकम ली, लेकिन बाद में कंपनी को फर्जी बताते हुए पैसा लौटाने से इनकार कर दिया। पुलिस ने राकेश सोनी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।

31 मई तक बंद रहेगा कन्हाईबंद रेल अंडरब्रिज
जांजगीर-चांपा जिले में कन्हाईबंद रेल अंडरब्रिज को 31 मई तक सड़क यातायात के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार सड़क मरम्मत कार्य के दौरान अतिरिक्त तकनीकी कार्य जुड़ जाने के कारण अवधि बढ़ाई गई है। इस दौरान वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग के रूप में बलौदा फाटक का उपयोग करने की सलाह दी गई है।