June 13, 2026

स्कूल खुलने की तारीख बढ़ाने वाला आदेश फर्जी, 16 जून से ही लगेंगी कक्षाएं: गजेंद्र यादव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्कूल खुलने की तारीख बढ़ाए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक कथित आदेश को स्कूल शिक्षा विभाग ने फर्जी करार दिया है। वायरल पत्र में दावा किया जा रहा है कि प्रदेश के स्कूल अब 1 जुलाई से खुलेंगे, जबकि विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों के खुलने की तिथि में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश के सभी स्कूल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 जून 2026 से ही खुलेंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विभाग की ओर से कोई नया आदेश जारी नहीं किया गया है और सोशल मीडिया पर प्रसारित पत्र पूरी तरह भ्रामक एवं फर्जी है।

मंत्री यादव ने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे अपुष्ट दस्तावेजों पर भरोसा न करें और केवल विभाग द्वारा जारी आधिकारिक आदेशों को ही मान्य मानें। उन्होंने कहा कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर प्रसारित करने वालों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

16 जून को मनाया जाएगा शाला प्रवेश उत्सव

स्कूल शिक्षा विभाग ने 16 जून को प्रदेशभर में शाला प्रवेश उत्सव आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में सभी कलेक्टरों, जिला शिक्षा अधिकारियों और प्राचार्यों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए पत्र भेजा गया है।

विभाग ने स्कूलों में साफ-सफाई, मरम्मत कार्य, आकर्षक शैक्षणिक वातावरण तैयार करने और विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बैनर-पोस्टर, रैली और मुनादी के माध्यम से शाला प्रवेश उत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है।

नए विद्यार्थियों के प्रवेश पर रहेगा जोर

निर्देशों के अनुसार कक्षा पहली में प्रवेश के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों की सूची प्राप्त की जाएगी। वहीं पांचवीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को छठवीं कक्षा में प्रवेश दिलाने की प्रक्रिया भी समय पर पूरी की जाएगी। स्कूल छोड़ चुके बच्चों को पुनः मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।

विभाग ने जिला और विकासखंड स्तर पर शिक्षकों के लंबित प्रकरणों के निराकरण, आगामी तीन माह के शैक्षणिक रोडमैप की तैयारी तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है।