May 18, 2026

नेतानार में अमित शाह ने किया जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन, ग्रामीणों को मिलेंगी डिजिटल और स्वरोजगार सेवाएं

जगदलपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार को बस्तर जिले के नेतानार ग्राम स्थित सीआरपीएफ कैंप पहुंचे, जहां उन्होंने शहीद वीर गुंडाधूर सेवा डेरा (जन सुविधा केंद्र) का उद्घाटन किया। इस पहल के तहत अब तक केवल सुरक्षाबलों के उपयोग में आने वाले कैंपों को आम नागरिकों के लिए भी सुविधायुक्त केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां ग्रामीणों को आंगनबाड़ी, प्राथमिक शिक्षा, स्वास्थ्य और विभिन्न ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने इमली प्रसंस्करण केंद्र का भी निरीक्षण किया और स्व सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत की। महिलाओं ने बताया कि इमली प्रसंस्करण और बिक्री के माध्यम से उनकी आय में बढ़ोतरी हो रही है। शाह ने बस्तर की इमली का स्वाद चखते हुए कहा कि यहां की इमली में विशेष मिठास है। गुंडाधूर महिला स्व सहायता समूह की सदस्य लंबी नाग ने बताया कि इस कार्य से समूह की महिलाएं सालाना लगभग एक लाख रुपये तक की आय अर्जित कर सकेंगी।

केंद्रीय मंत्री ने सेवा सेतु केंद्र का भी दौरा किया, जहां ग्रामीणों को आधार कार्ड, ई-केवाईसी, मोबाइल नंबर अपडेट और अन्य डिजिटल सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। ग्राम नेतानार की सुखदेवी ने बताया कि पहले आधार कार्ड बनवाने के लिए उन्हें 10 किलोमीटर दूर नानगुर जाना पड़ता था, लेकिन अब गांव में ही सुविधा मिलने लगी है। वहीं सोनामनी ने बताया कि महतारी वंदन योजना के लिए ई-केवाईसी कराने में अब उन्हें आसानी हो रही है।

जन सुविधा केंद्र में बैंक सखी प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जिसके माध्यम से महिलाएं गांव में ही बैंकिंग सेवाएं संचालित कर सकेंगी। इसके अलावा अमित शाह ने सिलाई प्रशिक्षण केंद्र और धान डेकी प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण कर महिलाओं से चर्चा की। प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं ने बताया कि इससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकासशील सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।