July 27, 2026

दो माह का वेतन और ग्रेच्युटी नहीं मिलने से भड़के 108 कर्मचारी, कलेक्टर से लगाई गुहार

बालोद। दो माह के बकाया वेतन और पांच वर्षों की ग्रेच्युटी भुगतान की मांग को लेकर बालोद जिले के 108 एंबुलेंस सेवा के ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) और पायलट कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। कर्मचारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

कर्मचारियों का आरोप है कि अप्रैल 2026 तक वे जय अम्बे इमरजेंसी सर्विसेस कंपनी के तहत कार्यरत थे। इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा का ठेका जीवीके ईएमआरआई को मिल गया, जिसने नए सिरे से वेतन देना शुरू कर दिया। हालांकि, पूर्व संचालक कंपनी ने अब तक कर्मचारियों का दो माह का बकाया वेतन और पांच वर्षों से लंबित ग्रेच्युटी का भुगतान नहीं किया है।

कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मेहनताना राशि का इंतजार कर रहे हैं। वेतन और ग्रेच्युटी नहीं मिलने से परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है और आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कई बार संबंधित कंपनी से संपर्क कर बकाया राशि के भुगतान की मांग की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। इसके बाद कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन वहां से भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।

अब कर्मचारियों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही बकाया वेतन और ग्रेच्युटी का भुगतान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।