July 29, 2026

झांसी-ललितपुर हाईवे पर हादसे का शिकार हुए BJP प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, कार ट्रक से टकराई; हालत स्थिर

रायपुर/झांसी। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण देव बुधवार को उत्तर प्रदेश के झांसी में सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसा झांसी-ललितपुर हाईवे पर हुआ, जब वह परिवार के साथ बागेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। दुर्घटना में उन्हें कमर और पैर में चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं।

सामने से आ रहे वाहन को बचाने में हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, गुरु पूर्णिमा के अवसर पर किरण देव अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम दर्शन के लिए गए थे। वापस लौटते समय झांसी-ललितपुर मार्ग पर सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन ट्रक से जा टकराया।

हादसे के वक्त किरण देव के साथ उनकी सुरक्षा में तैनात पीएसओ भी वाहन में मौजूद थे। वहीं परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार से यात्रा कर रहे थे।

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल

दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से किरण देव को तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां उनका उपचार शुरू किया गया। हादसे में उनके चालक के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

हेलीकॉप्टर से रायपुर लाने की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, किरण देव को गंभीर चोटें नहीं आई हैं। डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें आगे के उपचार के लिए हेलीकॉप्टर से रायपुर लाने की तैयारी की जा रही है। वहीं पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

दीपक बैज ने शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के घायल होने की खबर के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर किरण देव के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई।