July 27, 2026

डोंगरगढ़ भाजपा में बगावत, 111 कार्यकर्ताओं का सामूहिक इस्तीफा; मंडल अध्यक्ष पर गुटबाजी और परिवारवाद के आरोप

डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। डोंगरगढ़ शहर भाजपा मंडल के 111 कार्यकर्ताओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। इस घटनाक्रम के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर भाजपा जिलाध्यक्ष को संबोधित सामूहिक इस्तीफा पत्र भी सामने आया है, जिसमें संगठन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।

बताया जा रहा है कि डोंगरगढ़ शहर मंडल अध्यक्ष से नाराजगी सामूहिक इस्तीफे की मुख्य वजह है। इस्तीफा देने वाले कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नौआना संगठन के वरिष्ठ और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर रहे हैं तथा उनके फैसले कुछ नेताओं और व्यापारियों के प्रभाव में लिए जा रहे हैं।

इस्तीफा पत्र में लगाए गंभीर आरोप

भाजपा जिलाध्यक्ष राजनांदगांव को भेजे गए सामूहिक इस्तीफा पत्र में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि मंडल अध्यक्ष बनने के बाद से जसमीत सिंह बन्नौआना प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रामजी भारती और शहर के चार व्यापारी नेताओं के दबाव में काम कर रहे हैं। पत्र में कहा गया है कि संगठन में निष्ठावान कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा की गई, जबकि कुछ चुनिंदा लोगों को एक से अधिक जिम्मेदारियां देने की अनुशंसा की जाती रही।

कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि संगठन में परिवारवाद और गुटबाजी को बढ़ावा दिया गया, जिससे लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ता गया।

परिवारवाद को लेकर पहले भी उठे थे सवाल

इस्तीफा देने वाले कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति के समय भी संगठन के भीतर परिवारवाद को लेकर विरोध के स्वर उठे थे। इसके बाद भाजपा युवा मोर्चा शहर अध्यक्ष पद पर आकाश सिंह राजपूत की नियुक्ति को लेकर भी असंतोष सामने आया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि संगठन में सक्रिय भूमिका नहीं होने के बावजूद रिश्तेदारी के आधार पर जिम्मेदारियां दी गईं।

सोशल मीडिया पर विरोध के बाद नोटिस

बताया जा रहा है कि संगठन की कार्यशैली का विरोध कुछ कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर भी किया था, जिसके बाद उन्हें संगठन की ओर से नोटिस जारी किए गए। अब वही असंतुष्ट कार्यकर्ता सामूहिक इस्तीफे के साथ खुलकर सामने आ गए हैं।

हालांकि, इस्तीफा पत्र में लगाए गए आरोप इस्तीफा देने वाले कार्यकर्ताओं के हैं। इस मामले में शहर मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नौआना, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रामजी भारती, भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत या भाजपा संगठन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।