रायपुर। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष Dharamlal Kaushik के साथ हुई मोबाइल लूट की घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्ष के साथ-साथ सत्तापक्ष के नेता भी इस मामले पर खुलकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
इसी बीच भाजपा विधायक Purandar Mishra का बयान चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने इस घटना का संबंध रथयात्रा से जोड़ते हुए कहा कि कुछ लोग “छोटी-छोटी मनोकामनाओं” के लिए चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं।
“भगवान छोटी मांग जल्दी पूरी कर देते हैं”
पुरंदर मिश्रा ने कहा, “कुछ लोग अपना खर्चा निकालने के लिए ऐसे काम करते हैं। उनकी नियत खराब होती है, इसलिए मोबाइल चोरी कर लेते हैं। जैसे रथयात्रा में लोग अलग-अलग मनोकामनाएं लेकर निकलते हैं। कोई कलेक्टर बनने की मांग करता है तो कोई कुछ और मांगता है। लेकिन कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जिनका उद्देश्य चप्पल चोरी करना होता है। भगवान छोटी मांग जल्दी पूरी कर देते हैं। मोबाइल भी उसी छोटी चीज की तरह है।”
उन्होंने पुलिस से चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग भी की।
भूपेश बघेल ने भी साधा था निशाना
इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel ने भी इस घटना को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के डायल-112 वाहनों के फ्लैग ऑफ कार्यक्रम की तस्वीर साझा करते हुए तंज कसा था कि, “आप डायल-112 को हरी झंडी दिखाते रहिए, उधर धरमलाल कौशिक का मोबाइल छिनकर चोर 9-2-11 हो गए हैं।”
भूपेश बघेल ने कहा था कि जब देश के गृहमंत्री Amit Shah छत्तीसगढ़ में मौजूद हैं, उसी समय राजधानी रायपुर में भाजपा के वरिष्ठ नेता के साथ लूट की घटना होना सरकार के “सुशासन” पर सवाल खड़े करता है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई थी घटना
जानकारी के मुताबिक धरमलाल कौशिक सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान शंकर नगर स्थित भारत माता चौक के पास बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल झपटकर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।




