May 18, 2026

महासमुंद में चेकपोस्ट पर बड़ी कार्रवाई, 9.27 करोड़ का सोना जब्त, तीन लोग हिरासत में

पिथौरा/महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 करोड़ 27 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण जब्त किए हैं। यह कार्रवाई सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के रेहटीखोल चेकपोस्ट पर NH-53 पर नियमित वाहन जांच के दौरान की गई।

जानकारी के अनुसार, ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही गुजरात पासिंग कार को जांच के लिए रोका गया था। तलाशी के दौरान पुलिस को कार की पिछली सीट के नीचे बने गुप्त चैंबर से 7512.488 ग्राम सोने के आभूषण मिले। जब पुलिस ने वाहन सवारों से दस्तावेज मांगे तो वे सोने से जुड़े कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

इसके बाद पुलिस ने सोने के आभूषण जब्त कर कार में सवार तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी जयेश अकबरी, सुनीत कारेना और रूशी अग्रावत के रूप में हुई है। पुलिस को संदेह है कि यह सोना अवैध तरीके से परिवहन किया जा रहा था।

सिंघोड़ा पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई के बाद मामले को आयकर विभाग और राजस्व सूचना निदेशालय (DRI) को आगे की जांच के लिए सौंप दिया है। अब सोने के स्रोत, नेटवर्क और लेन-देन की विस्तृत जांच की जा रही है।