रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah के छत्तीसगढ़ दौरे के बीच पूर्व विधानसभा अध्यक्ष Dharamlal Kaushik के साथ हुई मोबाइल लूट की घटना अब राजनीतिक मुद्दा बन गई है। घटना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।
भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai द्वारा डायल-112 की 400 गाड़ियों को हरी झंडी दिखाने की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि, “आप डायल-112 को हरी झंडी दिखाते रहिए, उधर धरमलाल कौशिक का मोबाइल छिनकर चोर 9-2-11 हो गए हैं।”
पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा कि जब देश के गृहमंत्री अमित शाह प्रदेश में मौजूद हैं, उसी समय राजधानी रायपुर में मॉर्निंग वॉक के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता के साथ लूट की घटना होना सरकार के कथित “सुशासन” पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में चोरी, चाकूबाजी, हत्या और लूट जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जबकि सरकार “सुशासन तिहार” और प्रचार-प्रसार में व्यस्त है। साथ ही उन्होंने प्रदेश के गृह मंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे “रीलबाजी और स्वागतबाजी” में लगे हुए हैं।
मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई लूट
जानकारी के अनुसार धरमलाल कौशिक सोमवार सुबह करीब 8 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान शंकर नगर स्थित भारत माता चौक के पास बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल झपटकर फरार हो गए।
घटना के बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।





