रायपुर। छत्तीसगढ़ में रायपुर से बलौदाबाजार और सारंगढ़ जाने वाले यात्रियों को जल्द बड़ी राहत मिल सकती है। रायपुर-बलौदाबाजार मार्ग के फोरलेन चौड़ीकरण का डीपीआर तैयार कर लिया गया है। नेशनल हाईवे विभाग इस परियोजना पर लगभग 1500 करोड़ रुपए खर्च करेगा।
जानकारी के अनुसार सड़क चौड़ीकरण का कार्य दो चरणों में किया जाएगा, जिससे यात्रा का समय 1 से सवा घंटे तक कम हो सकेगा।
दो चरणों में होगा निर्माण
पहले चरण में धनेली से पुराना विधानसभा तक 11.610 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। इस हिस्से के लिए करीब 500 करोड़ रुपए का बजट तय किया गया है।
वहीं दूसरे चरण में विधानसभा से पलारी तक करीब 72 किलोमीटर सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा, जिस पर लगभग 1050 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
परियोजना के तहत सड़क को फोरलेन के साथ कई हिस्सों में सर्विस लेन से भी जोड़ा जाएगा। इसके अलावा चार बड़े फ्लाईओवर और कई ओवरब्रिज बनाए जाएंगे, जिससे शहर और गांवों के बीच यातायात और अधिक सुगम होगा।
जाम और हादसों में आएगी कमी
रायपुर-बलौदाबाजार-सारंगढ़ मार्ग के फोरलेन बनने से जाम और सड़क हादसों में कमी आने की उम्मीद है। भारी वाहनों के लिए अलग लेन उपलब्ध होगी, जिससे यातायात का दबाव कम होगा।
इस परियोजना से सीमेंट उद्योग को भी बड़ा फायदा मिलने की संभावना है। माल परिवहन आसान होने के साथ स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
यहां बनेंगे फ्लाईओवर और ओवरब्रिज
- नरदहा चौक पर 200 मीटर हिस्से को छोड़कर सिक्स लेन फ्लाईओवर
- धनेली चौक पर पुराने ब्रिज को तोड़कर नया फ्लाईओवर
- धनेली गांव में नया फ्लाईओवर
- टेकारी रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज
- बरौदा गांव में ओवरब्रिज का निर्माण
दिल्ली भेजी गई ड्राइंग डिजाइन
नेशनल हाईवे विभाग के चीफ इंजीनियर Gyaneshwar Kashyap ने बताया कि रायपुर-बलौदाबाजार चौड़ीकरण परियोजना का 1500 करोड़ रुपए का डीपीआर तैयार हो चुका है। पूरी ड्राइंग डिजाइन दिल्ली मुख्यालय भेजी जाएगी। यदि किसी प्रकार के सुधार की जरूरत होगी तो उसे पूरा किया जाएगा, अन्यथा जल्द ही चौड़ीकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।





