March 3, 2026

जामुल में चाचा ने भतीजे की हत्या की, शराब पीने के दौरान हुआ था विवाद

दुर्ग। दुर्ग जिले के जामुल क्षेत्र में होली से पहले हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। शराब पीने के दौरान हुए विवाद में चाचा ने अपने ही भतीजे की लोहे की पाइप से हमला कर हत्या कर दी। मृतक का नाम हेमंत साहू बताया गया है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात जामुल के रावणभाटा इलाके में आरोपी चाचा आशीष साहू अपने भतीजे हेमंत साहू के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया।

आरोप है कि आशीष साहू ने पास में पड़ी लोहे की पाइप से हेमंत साहू के सिर के पीछे जोरदार प्रहार कर दिया। लगातार हमले के कारण हेमंत गंभीर रूप से घायल हो गया और जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मृतक की पत्नी ने जामुल थाना को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने आरोपी आशीष साहू को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।