June 3, 2026

बिना सेफ्टी किट 11 केवी लाइन पर चढ़ाया ठेकाकर्मी, करंट लगने से गंभीर रूप से झुलसा

बिलासपुर। जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र स्थित मोहभट्टा मेला परिसर में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही के कारण बड़ा हादसा हो गया। 11 केवी की चालू विद्युत लाइन पर काम कर रहे एक ठेकाकर्मी को बिना सुरक्षा उपकरणों के खंभे पर चढ़ा दिया गया, जहां वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।

जानकारी के अनुसार, ठेकाकर्मी विद्युत लाइन पर मरम्मत कार्य कर रहा था। आरोप है कि उसे बिना सेफ्टी किट और पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के चालू लाइन पर काम करने भेजा गया था। इसी दौरान वह 11 केवी लाइन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।

हादसे में युवक करीब 20 प्रतिशत तक झुलस गया है। घटना के बाद उसे तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक करंट लगने के बाद खंभे पर लटका दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह दर्द से तड़पता नजर आ रहा है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने सीढ़ी की मदद से खंभे पर चढ़कर उसे नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया।

घटना के बाद विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल घायल ठेकाकर्मी का सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है और मामले की जांच की जा रही है।