May 14, 2026

छत्तीसगढ़ ओपन स्कूल का रिजल्ट जारी, 10वीं में 58.39% और 12वीं में 71% छात्र पास

स्कूल शिक्षा मंत्री ने जारी किए परीक्षा परिणाम

छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी मुख्य परीक्षा मार्च-अप्रैल 2026 के परिणाम आज 14 मई को घोषित कर दिए गए। परीक्षा परिणाम की घोषणा स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने मंत्रालय महानदी भवन से की।

विद्यार्थी अपना रिजल्ट छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल वेबसाइट और रिजल्ट पोर्टल पर देख सकते हैं।

हाईस्कूल परीक्षा में 58.39 प्रतिशत परिणाम

छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल द्वारा आयोजित हाईस्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा में कुल 33,893 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था। इनमें से 31,852 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।

विभिन्न कारणों से 39 विद्यार्थियों का परिणाम रोका गया है। कुल 31,813 परीक्षार्थियों का परिणाम जारी किया गया, जिनमें 18,578 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। इस परीक्षा का कुल परिणाम 58.39 प्रतिशत रहा।

हायर सेकेंडरी में 71 प्रतिशत छात्र सफल

हायर सेकेंडरी सर्टिफिकेट परीक्षा में कुल 40,256 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था। इनमें से 38,883 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा में 3,682 विद्यार्थी आरटीडी योजना के अंतर्गत शामिल हुए।

विभिन्न कारणों से 40 विद्यार्थियों का परिणाम रोका गया है। कुल 34,961 परीक्षार्थियों का परिणाम जारी किया गया, जिनमें 24,823 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए। परीक्षा का कुल परिणाम 71 प्रतिशत रहा।

अधिकारी भी रहे मौजूद

इस अवसर पर रेणु जी पिल्लई, पुष्पा साहू सहित छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।