June 21, 2026

रिसोर्ट में युवती की संदिग्ध मौत मामले में बड़ा खुलासा, संचालक समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव। जिले के मनगटा स्थित विशलिंगवुड्स रिसोर्ट में 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिसोर्ट संचालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर रिसोर्ट को भी सील कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार मामले में रिसोर्ट संचालक आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु, छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख और घनश्याम बेलचंदन को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64 (बलात्कार), धारा 115(2) (स्वेच्छा से गंभीर चोट पहुंचाना) तथा धारा 3(5) (साझा आपराधिक मंशा) के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

जांच में सामने आया है कि युवती को उसके परिचित छत्रपाल और घनश्याम रायपुर ले गए थे, जहां उसे शराब पिलाई गई। इसके बाद सभी लोग वापस मनगटा स्थित रिसोर्ट पहुंचे। पुलिस के अनुसार, रिसोर्ट पहुंचने के बाद संचालक आशुतोष ने युवती के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य बताए हैं। पुलिस के मुताबिक, 17 जून को आरोपी अपने साथियों के साथ रायपुर पहुंचे थे। वहां एक क्लब में पार्टी करने के बाद देर रात सभी लोग विशलिंगवुड्स रिसोर्ट पहुंचे, जहां दोबारा पार्टी की गई। इसी दौरान युवती की तबीयत बिगड़ गई और वह नशे की हालत में थी।

पुलिस के अनुसार, 18 जून की सुबह युवती का शव रिसोर्ट के बाथरूम में मिला। शव मिलने के बाद आरोपी घबराकर मौके से फरार हो गए थे। मामले की जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों में युवती के साथ दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और परिस्थितिजन्य तथ्यों का विश्लेषण किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपी

  • आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु (26 वर्ष), निवासी बुचीभरदा, पोस्ट सुरगी, थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव।
  • छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख (25 वर्ष), निवासी टेड़ेसरा गुड़ीपारा वार्ड क्रमांक 16, थाना सोमनी, जिला राजनांदगांव।
  • घनश्याम बेलचंदन (25 वर्ष), निवासी निकुम बाजारपारा, थाना अंडा, जिला दुर्ग।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।