September 6, 2026

प्रयास आवासीय विद्यालय में रैगिंग का आरोप, 11वीं के दो छात्रों के सिर फोड़े

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय में रैगिंग के दौरान 11वीं कक्षा के दो छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि 12वीं कक्षा के छात्रों ने लोहे के कड़े से दोनों छात्रों के सिर पर हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दोनों छात्र मौके पर बेहोश हो गए। मामले में पुलिस ने चार नाबालिग छात्रों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रैगिंग के दौरान की मारपीट

मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय के हॉस्टल का है। जानकारी के मुताबिक, 3 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच 12वीं कक्षा के कुछ छात्रों ने 11वीं कक्षा के दो छात्रों के साथ रैगिंग की। इसी दौरान उनके सिर पर लोहे के कड़े से हमला किए जाने का आरोप है।

मारपीट में दोनों छात्र लहूलुहान होकर घायल हो गए और मौके पर ही बेहोश हो गए। आरोप है कि घटना के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने घायल छात्रों के परिजनों को तत्काल सूचना नहीं दी।

पुलिस शिकायत के बाद परिजनों को मिली जानकारी

मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंचने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद परिजनों ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद स्कूल में पढ़ने वाले अन्य छात्रों में भी डर का माहौल बताया जा रहा है। वहीं अभिभावकों ने हॉस्टल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

पिता ने लगाए प्रबंधन पर गंभीर आरोप

घायल छात्र प्रशांत के पिता अजय कुमार मार्को ने बताया कि उनके बेटे ने फोन कर घटना की जानकारी दी थी। बेटे ने बताया कि हॉस्टल में सीनियर छात्रों ने रैगिंग के दौरान उसके साथ मारपीट की।

पिता का आरोप है कि घटना के बाद हॉस्टल अधीक्षक और प्राचार्य ने उन्हें समय पर घटना की जानकारी नहीं दी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

4 नाबालिगों पर अपराध दर्ज

पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार नाबालिग छात्रों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। मामले में आगे की विधिवत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस रैगिंग के दौरान हुई मारपीट की पूरी घटना और इसमें शामिल छात्रों की भूमिका की जांच कर रही है।