रायपुर।
छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने वर्ष 2025-26 के राज्य खेल अलंकरण, नगद पुरस्कार, खेलवृत्ति (डाइट मनी), प्रेरणा निधि और मुख्यमंत्री ट्रॉफी के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। पात्र खिलाड़ी, प्रशिक्षक और निर्णायक 5 अगस्त 2026 तक निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं और केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
विभाग द्वारा प्रतिवर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष भी विभिन्न श्रेणियों में शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान तथा मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों पर मिलेगा सम्मान
सीनियर वर्ग के उन खिलाड़ियों को शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार दिया जाएगा जिन्होंने राष्ट्रीय चैम्पियनशिप या राष्ट्रीय खेलों में पदक जीता हो अथवा अधिकृत अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया हो। वहीं जूनियर वर्ग के राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में पदक विजेता खिलाड़ियों को शहीद कौशल यादव पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
पिछले पांच वर्षों में चार बार सीनियर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों को शहीद पंकज विक्रम सम्मान प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, जबकि 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे खेल व्यक्तित्व जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भाग लिया हो, राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीता हो या खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया हो, उन्हें शहीद विनोद चौबे सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
इतनी मिलेगी पुरस्कार राशि
- शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार – ₹3 लाख
- शहीद कौशल यादव पुरस्कार – ₹1.50 लाख
- वीर हनुमान सिंह पुरस्कार – ₹1.50 लाख
- शहीद विनोद चौबे सम्मान – ₹25 हजार
- शहीद पंकज विक्रम सम्मान – ₹25 हजार
इसके अलावा सभी सम्मानित खिलाड़ियों को मानपत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर एवं टाई भी प्रदान किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ट्रॉफी के तहत भी मिलेगा पुरस्कार
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली सीनियर और जूनियर वर्ग की टीमों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। चार सदस्यीय टीमों को सीनियर वर्ग में ₹2 लाख तथा जूनियर वर्ग में ₹1 लाख दिए जाएंगे। वहीं चार से अधिक सदस्यों वाली टीमों को सीनियर वर्ग में ₹5 लाख और जूनियर वर्ग में ₹3 लाख की पुरस्कार राशि मिलेगी।
नगद पुरस्कार, डाइट मनी और प्रेरणा निधि के लिए भी आवेदन
विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 (1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026) के दौरान सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप नगद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। वहीं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाले अथवा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले 19 वर्ष तक के खिलाड़ी खेलवृत्ति (डाइट मनी) के लिए आवेदन कर सकते हैं।
खेल संघों द्वारा वर्ष 2025-26 में अर्जित उपलब्धियों के आधार पर प्रेरणा निधि के लिए भी निर्धारित प्रारूप में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
आवेदन प्रक्रिया और अंतिम तिथि
खेल पुरस्कार, नगद राशि, खेलवृत्ति और प्रेरणा निधि के आवेदन विभाग के जिला कार्यालयों, संचालनालय तथा राज्य खेल संघों से प्राप्त किए जा सकते हैं। शहीद पंकज विक्रम सम्मान के आवेदन केवल संबंधित राज्य खेल संघों की अनुशंसा के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। खिलाड़ियों से सीधे इस सम्मान के आवेदन स्वीकार नहीं होंगे।
राज्य खेल संघों की अनुशंसा सहित आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 5 अगस्त 2026 कार्यालयीन समय तक निर्धारित की गई है। विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध ऑनलाइन आवेदन ही मान्य होंगे। जिन खिलाड़ियों की उपलब्धियां अधिक होने के बावजूद मान्यता प्राप्त खेल संघ ने उनकी अनुशंसा नहीं की है, वे निर्धारित प्रारूप में अपना व्यक्तिगत आवेदन खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालनालय, सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, जी.ई. रोड, रायपुर अथवा संबंधित जिला कार्यालय में 5 अगस्त 2026 तक जमा कर सकते हैं।





