June 10, 2026

बालोद: प्लास्टिक टब में छिपाकर हो रही थी गांजा तस्करी, 72 किलो गांजा जब्त; नाबालिग समेत 5 गिरफ्तार

टबों में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा

बालोद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपियों ने प्लास्टिक के टबों को मॉडिफाई कर उनके अंदर गांजा छिपा रखा था। ऊपर सामान्य टब रखे गए थे, जबकि नीचे के टबों को काटकर खोखला बनाया गया था, जिसमें गांजे के पैकेट छिपाए गए थे।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

पुलिस को सूचना मिली थी कि 6 संदिग्ध 4 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर ओडिशा से गांजा लेकर मध्यप्रदेश जा रहे हैं। सूचना के आधार पर भेड़ी तिराहा में चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस को देखकर एक युवक बाइक से कूदकर फरार हो गया, जबकि अन्य आरोपियों को पकड़ लिया गया।

36 लाख से अधिक का गांजा बरामद

वाहनों की तलाशी के दौरान टबों के भीतर छिपाए गए कुल 72.621 किलोग्राम गांजे के पैकेट बरामद किए गए। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 36 लाख 31 हजार 50 रुपए बताई गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

  • श्याम गोड़ (26 वर्ष), रायसेन, मध्यप्रदेश
  • पवन गोड़ (26 वर्ष), सागर, मध्यप्रदेश
  • प्रदीप चौहान (20 वर्ष), रायसेन, मध्यप्रदेश
  • संजय कुमावत (20 वर्ष), रायसेन, मध्यप्रदेश
  • एक नाबालिग आरोपी

जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप किसे सप्लाई की जानी थी और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।