June 13, 2026

धमतरी के ग्राम छीपली में प्रशासनिक कार्रवाई के बीच हुई घटना, ग्रामीणों ने लगाया पक्षपात का आरोप

धमतरी। जिले के मगरलोड विकासखंड अंतर्गत ग्राम छीपली में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब पीड़ित पक्ष के चम्पा लाल साहू ने कथित रूप से जहर सेवन कर लिया। घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, प्रशासन द्वारा ग्राम छीपली में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान चम्पा लाल साहू ने मौके पर ही जहर का सेवन कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

पीड़ित पक्ष और उनके परिजनों ने प्रशासन पर द्वेषपूर्ण कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गांव में कई स्थानों पर अतिक्रमण मौजूद है, लेकिन प्रशासन ने केवल दो परिवारों को निशाना बनाते हुए कार्रवाई की है, जबकि अन्य अतिक्रमणकारियों को संरक्षण दिया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि तहसीलदार मगरलोड देवेंद्र भारद्वाज द्वारा अतिक्रमण से संबंधित सामग्री को अन्यत्र ले जाने के निर्देश दिए गए थे, जिससे पीड़ित पक्ष में आक्रोश बढ़ गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम नभ सिंह कोसले के निर्देश पर सामग्री के स्थानांतरण की कार्रवाई फिलहाल रोक दी गई है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस बल और पंचायत प्रतिनिधि मौके पर तैनात हैं। प्रशासनिक अधिकारी भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

जहर सेवन की घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी और आक्रोश व्याप्त है। वहीं प्रशासन मामले की निगरानी कर रहा है और स्थिति को सामान्य बनाए रखने के प्रयास जारी हैं।