September 4, 2026

संदिग्ध परिस्थितियों में आदिवासी नाबालिग की मौत, परिजन शव लेकर पहुंचे IG कार्यालय; दोबारा पोस्टमार्टम की मांग

अंबिकापुर/सूरजपुर। सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र में एक आदिवासी नाबालिग किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। किशोरी का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, लेकिन मौत की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए परिजनों और समाज के लोगों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर अंबिकापुर स्थित आईजी कार्यालय पहुंचे और निष्पक्ष जांच के साथ दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की।

कमरे में फंदे पर लटका मिला था शव

मामला प्रतापपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत करौंधा का है। जानकारी के अनुसार, नाबालिग किशोरी कुछ समय से एक परिचित के घर रह रही थी और गांव निवासी श्रवण जायसवाल के घर घरेलू काम करती थी। 1 सितंबर की दोपहर खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में आराम करने चली गई थी।

शाम तक कमरे से बाहर नहीं आने पर घरवालों ने उसकी तलाश की। कमरे में पहुंचने पर किशोरी फंदे पर लटकी मिली। उसे तत्काल नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

20 हजार रुपये देने से परिजनों का संदेह बढ़ा

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मृत्यु के बाद परिजनों और समाज के लोगों ने घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाए। परिजनों के अनुसार, श्रवण जायसवाल द्वारा मृतका के परिजनों को 20 हजार रुपये दिए जाने के बाद उनका संदेह और गहरा गया। इसके चलते उन्होंने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।

शव लेकर पहुंचे IG कार्यालय

मामले की जानकारी मिलने के बाद समाज के लोग और ग्रामीण भी परिजनों के साथ गुरुवार देर शाम शव लेकर अंबिकापुर स्थित आईजी कार्यालय पहुंचे। परिजनों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की।

IG ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा

सरगुजा आईजी ने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उनकी बात सुनी और मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। परिजनों की मांग पर किशोरी के शव को मेडिकल कॉलेज की मर्चुरी में रखवाया गया है। बताया जा रहा है कि मामले में दोबारा पोस्टमार्टम कराया जा सकता है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। किशोरी की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।