रायपुर। छत्तीसगढ़ के टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) उत्तीर्ण शिक्षक लंबित पदोन्नति प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने जा रहे हैं। पात्रता प्राप्त शिक्षकों ने सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय और छत्तीसगढ़ शासन के राजपत्र में उल्लेखित नियमों के आधार पर पदोन्नति प्रक्रिया तत्काल शुरू करने की मांग की है।
5 सितंबर को तुता मैदान में जुटेंगे शिक्षक
अपनी मांगों को लेकर प्रदेशभर के टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक 5 सितंबर, शिक्षक दिवस के अवसर पर नवा रायपुर स्थित तुता मैदान में ‘टीईटी आधारित पदोन्नति न्याय सत्याग्रह’ करेंगे। शिक्षक संघ का दावा है कि इस आंदोलन में प्रदेशभर से हजारों शिक्षक शामिल होंगे।
नियमों के तहत पदोन्नति की मांग
टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ के राकेश मिश्रा ने कहा कि प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में विषय-विशेषज्ञ एवं पात्रता प्राप्त शिक्षकों की नियुक्ति से शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर होगी। उनका कहना है कि शासन के राजपत्र और उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप टीईटी को अनिवार्य करते हुए पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए।
शिक्षकों का कहना है कि टीईटी की योग्यता भर्ती के साथ-साथ पदोन्नति के लिए भी जरूरी है। इसके बावजूद पदोन्नति प्रक्रिया में हो रही देरी से पात्र शिक्षकों में असंतोष बढ़ रहा है।
वरिष्ठता सूची जारी कर पदोन्नति आदेश की मांग
राकेश मिश्रा ने कहा कि शिक्षक शांतिपूर्ण तरीके से ‘न्याय सत्याग्रह’ के जरिए सरकार तक अपनी बात पहुंचाएंगे। शिक्षकों की मांग है कि पात्रता नियमों का पालन करते हुए वरिष्ठता सूची जारी की जाए और बिना देरी के पदोन्नति आदेश जारी किए जाएं।
शिक्षकों ने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर नियमसम्मत त्वरित निर्णय लेने की अपील की है।




