July 24, 2026

Bastar News Update: सुकमा में किताबों का संकट, कोंडागांव के जंगल में रहस्यमयी पदचिह्न, जगदलपुर में डिजिटल पुलिसिंग समेत पढ़िए बस्तर की बड़ी खबरें

जगदलपुर। बस्तर संभाग में शिक्षा, सुरक्षा और वन्यजीवों से जुड़ी कई अहम घटनाएं सामने आई हैं। सुकमा में हजारों छात्र किताबों के अभाव में पढ़ाई करने को मजबूर हैं, कोंडागांव के जंगल में रहस्यमयी पदचिह्न मिलने से वन विभाग अलर्ट पर है, जबकि जगदलपुर में किरायेदारों और मेहमानों के ऑनलाइन पुलिस सत्यापन की नई व्यवस्था शुरू की गई है। पढ़िए बस्तर की प्रमुख खबरें…

सुकमा में 38 हजार छात्र बिना किताबों के

सुकमा जिले के सैकड़ों प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में अब तक सभी विषयों की पाठ्यपुस्तकें नहीं पहुंची हैं। गणित और अंग्रेजी की किताबों की कमी सबसे ज्यादा है, जिससे पहली से आठवीं तक के करीब 38 हजार विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। फिलहाल पुराने पाठ्यपुस्तकों और वैकल्पिक माध्यमों से पढ़ाई कराई जा रही है।

जगदलपुर के युवा ने नौकरी छोड़ शुरू किया कारोबार

जगदलपुर के किशन जंगम ने नौकरी की बजाय स्वरोजगार का रास्ता चुना। सरकारी रोजगार सृजन योजना के तहत 10 लाख रुपये का बैंक ऋण और सब्सिडी मिलने के बाद उन्होंने प्रिंटिंग व्यवसाय शुरू किया। आज उनका कारोबार सालाना 30 से 35 लाख रुपये का टर्नओवर कर रहा है और छह स्थानीय युवाओं को स्थायी रोजगार भी मिला है।

कोंडागांव के जंगल में मिले रहस्यमयी पदचिह्न

कोंडागांव के बिलौरी गांव के पास जंगल में बड़े वन्यजीव के पदचिह्न मिलने के बाद वन विभाग सतर्क हो गया है। थर्मल ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है और ओडिशा वन विभाग के साथ समन्वय बनाकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ग्रामीणों से जंगल में अकेले नहीं जाने की अपील की गई है।

अब मोबाइल ऐप से होगा पुलिस सत्यापन

बस्तर पुलिस ने किरायेदारों और होटल में ठहरने वाले मेहमानों के सत्यापन के लिए मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। अब मकान मालिक और होटल संचालक घर बैठे ऑनलाइन पुलिस वेरिफिकेशन करा सकेंगे। पुलिस का कहना है कि इससे अपराध नियंत्रण और निगरानी व्यवस्था मजबूत होगी।

महिला हत्याकांड में पति पर शक

जगदलपुर में महिला की हत्या के मामले में पुलिस का संदेह मृतका के फरार पति पर है। घटनास्थल से चाकू बरामद हुआ है और जांच में खून के निशान मिटाने की कोशिश के भी संकेत मिले हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

एक भवन में दो स्कूल, 620 छात्रों पर असर

कोंडागांव में अंग्रेजी और हिंदी माध्यम के दो स्कूल वर्षों से एक ही भवन में संचालित हो रहे हैं। कुल 620 विद्यार्थी सीमित कमरों में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। कई कक्षाएं बरामदे में लग रही हैं और मूलभूत सुविधाओं की भी कमी बनी हुई है।

आवारा कुत्ते के हमले से गांव में दहशत

कोंडागांव के बड़ेराजपुर विकासखंड के छोटेराजपुर गांव में एक आवारा कुत्ते ने एक ही दिन में पांच लोगों को काटकर घायल कर दिया। दो महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कुत्ते को पकड़ने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।