July 30, 2026

रायगढ़ में हाथियों का आतंक, ग्रामीण पर हमला; 20 से अधिक हाथियों के झुंड से घंटों बाधित रहा यातायात

रायगढ़। रायगढ़ जिले में जंगली हाथियों की गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। गुरुवार सुबह बंगुरसिया सर्किल में एक जंगली हाथी ने ग्रामीण पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं, रायगढ़–सुंदरगढ़ मार्ग पर 20 से अधिक हाथियों का झुंड सड़क पार करता रहा, जिससे कई घंटों तक यातायात बाधित रहा और इलाके में दहशत का माहौल बन गया। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 4 बजे बंगुरसिया चौक के पास ग्रामीण प्रकाश साव अपने दो बेटों के साथ जा रहे थे। इसी दौरान अचानक सामने आए एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी ने अपनी सूंड से जोरदार धक्का मार दिया, जिससे प्रकाश साव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके। आसपास के गांवों के लोगों को जंगल की ओर न जाने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

इसी बीच रायगढ़–सुंदरगढ़ मार्ग पर ग्राम बंगुरसिया के पास 20 से अधिक हाथियों का झुंड सड़क पार करता दिखाई दिया। झुंड में कई शावक भी शामिल थे। हाथियों की आवाजाही के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर मार्ग पर यातायात रोक दिया गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई घंटों तक आवागमन प्रभावित रहा।

वन विभाग ने रायगढ़–सुंदरगढ़ तथा रायगढ़–तमनार मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।