September 4, 2026

धरसीवां में हत्या के बाद शव ठिकाने लगाने की कोशिश! पुलिस को देख टाटा मैजिक छोड़कर फरार हुए आरोपी

धरसीवां। राजधानी रायपुर के धरसीवां थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने एक टाटा मैजिक वाहन पकड़ा, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। आशंका है कि आरोपी हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस को देखते ही आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात धरसीवां पुलिस की पेट्रोलिंग टीम कुंवरगढ़ से परसतराई की ओर नहर मार्ग पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सामने से एक टाटा मैजिक सवारी वाहन आता दिखाई दिया, जिसके पीछे दो बाइक भी चल रही थीं। पुलिस की गाड़ी देखते ही वाहन सवार संदिग्ध तरीके से भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया, जिसके बाद आरोपी टाटा मैजिक वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गए।

जब पुलिस वाहन के पास पहुंची और उसकी तलाशी ली, तो अंदर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। शव देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। इसके बाद पेट्रोलिंग टीम ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और थाना प्रभारी को मामले की सूचना दी।

पुलिस वाहन को थाने ले आई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जा सकता है।