कोरबा। जिले के करतला वन परिक्षेत्र में जंगली हाथी के हमले में एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दल से बिछड़ा एक हाथी पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में विचरण कर रहा था। खेत से लौटते समय किसान का उससे सामना हो गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, घटना कोरबा वन मंडल के करतला वन परिक्षेत्र अंतर्गत बड़मार गांव से करीब दो किलोमीटर अंदर जंगल क्षेत्र की है। बड़मार निवासी जगेश्वर राठिया (53) खेत में काम करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनका सामना लोनर (अकेले घूम रहे) हाथी से हो गया। हाथी ने किसान पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
कुछ देर बाद खेत में काम कर रहे अन्य किसानों की नजर जगेश्वर राठिया पर पड़ी। उन्होंने तुरंत परिजनों और वन विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
घटना के बाद वन विभाग ने आसपास के किसानों और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कर्मचारियों ने खेतों में मौजूद लोगों को तत्काल घर लौटने और हाथी की गतिविधियों की जानकारी मिलते ही सतर्क रहने की हिदायत दी है।
करतला रेंजर अक्ष ऋषि ने बताया कि संबंधित लोनर हाथी पिछले तीन दिनों से बड़मार जंगल और आसपास के क्षेत्रों में विचरण कर रहा है। वन विभाग पहले भी गांवों में मुनादी करा चुका है और शनिवार को भी आसपास के गांवों में लोगों को सतर्क करने के लिए मुनादी कराई जा रही है।
वन विभाग ने मृतक के परिजनों का बयान दर्ज कर लिया है और नियमानुसार तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, हाथी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके।





