March 3, 2026

लिफ्ट के बहाने महिलाओं से लूट, शातिर आरोपी गिरफ्तार; 80 हजार नकद व जेवर बरामद

बलौदा बाजार। बलौदा बाजार में अकेली महिलाओं को लिफ्ट देने के बहाने लूटपाट करने वाले शातिर बदमाश को हथबंद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सुनसान रास्तों पर महिलाओं को निशाना बनाकर जेवर और नकदी लूटकर फरार हो जाता था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट के जेवर, 80 हजार रुपये नकद, मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का औजार बरामद किया है।

मामले में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने स्वयं संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने सुहेला, सिमगा और हथबंद मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।

एसपी के मुताबिक, आरोपी सड़क पर अकेली महिला को देखकर मोटरसाइकिल से लिफ्ट की पेशकश करता था और फिर सुनसान स्थान पर ले जाकर डरा-धमकाकर जेवर व नकदी लूट लेता था। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो जाता था, जिससे पीड़िताएं उसकी पहचान नहीं कर पाती थीं।

जांच में सामने आया है कि आरोपी हथबंद के पास ग्राम कुकराचुंदा का निवासी है। उसने दुर्ग क्षेत्र में भी करीब पांच वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस अन्य मामलों में भी उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही महिलाओं से अपील की गई है कि अनजान व्यक्तियों से लिफ्ट लेने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।