सूरजपुर। कर्मा महोत्सव छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। ऐसे आयोजन लोक पर्वों को सहेजने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। कर्मा पर्व प्रकृति से जुड़ाव, आपसी भाईचारा और सामूहिक आनंद का उत्सव है। यह बात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सूरजपुर जिले के चुनगुड़ी में आयोजित कर्मा महोत्सव में कही।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को 172.51 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने चुनगुड़ी के स्कूल मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने तथा नगर पंचायत भटगांव के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और सांसद चिंतामणि महाराज ने भी संबोधित किया।
💃 मांदर की थाप पर थिरका सूरजपुर
परंपरा, संस्कृति और उल्लास से परिपूर्ण कर्मा महोत्सव में मांदर की थाप और घुंघरुओं की झंकार के बीच पूरा क्षेत्र कर्मा नृत्य की लय में झूम उठा। सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर, बलरामपुर, कोरिया एवं मनेंद्रगढ़ से आए 33 कर्मा दलों के कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में प्रस्तुति देकर लोक संस्कृति के रंग बिखेर दिए।
🏥 स्टॉलों का निरीक्षण, योजनाओं का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगी प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नाव-जाल एवं आइस बॉक्स, आयुष्मान कार्ड, छत्तीसगढ़ महिला कोष से ऋण वितरण, तथा महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित छह रेडी-टू-ईट इकाइयों का शुभारंभ किया।
उन्होंने पोषण वितरण कार्य से जुड़ी महिलाओं को शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही महिलाओं को स्वरोजगार के लिए मुद्रा लोन, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत क्लेम, तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत खुशियों की चाबी प्रदान की।
👥 जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में विधायक भूलन सिंह मरावी, वन विकास निगम अध्यक्ष राम सेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष रेखा राजलाल रजवाड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि तथा जिले के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




