बालोद। जिले के दल्ली राजहरा में 12 मई को सिवरेज पाइपलाइन विस्तार कार्य के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में अब बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। इस घटना में मिट्टी धंसने से तीन मजदूरों की मौत हो गई थी, जिसके बाद अब लापरवाही के आरोप में BSP के दो वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के अनुसार, दल्ली राजहरा थाना क्षेत्र के फुटबॉल ग्राउंड स्थित दास पान ठेला के सामने बीएसपी की सीवरेज पाइपलाइन विस्तार परियोजना का काम चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी और चेन माउंट मशीन से खुदाई की जा रही थी, तभी अचानक मिट्टी धंस गई और वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। हादसा इतना भीषण था कि तीनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान किसन कुमार (54), राकेश कुमार (28) और बैशाखिन (50) के रूप में हुई है। आरोप है कि कार्यस्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे और मजदूरों को बिना सुरक्षा उपकरणों व बैरिकेडिंग के गहरे गड्ढे में उतारा गया था। स्थानीय लोगों ने भी सुरक्षा मानकों की अनदेखी को इस हादसे का मुख्य कारण बताया है।
BSP के दो अधिकारी निलंबित
हादसे के बाद परिजनों ने बीएसपी अस्पताल के सामने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद अब बीएसपी प्रबंधन ने कार्रवाई करते हुए डीजीएम मंगेश सेलकर और एजीएम सिविल रमेश कुमार को निलंबित कर दिया है।
फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे एफआईआर दर्ज की जा सकती है।




