May 13, 2026

CGPSC ने जारी किया सहायक संचालक (योजना) भर्ती का अंतिम परिणाम, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दी बधाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने आवास एवं पर्यावरण विभाग अंतर्गत सहायक संचालक (योजना) के 21 पदों पर भर्ती के लिए अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। राज्य गठन के बाद यह पहला मौका है, जब टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग में सहायक संचालक (योजना) के पदों पर नियमित भर्ती की गई है। इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि यह भर्ती सिर्फ रिक्त पदों को भरने तक सीमित नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ के सुनियोजित, वैज्ञानिक और संतुलित शहरी विकास की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग आधुनिक शहरों के निर्माण और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नई नियुक्तियों से विभाग को युवा और प्रशिक्षित अधिकारियों का सहयोग मिलेगा, जिससे प्रदेश के शहरों और कस्बों के विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने और योग्य प्रतिभाओं को शासन-प्रशासन में स्थान देने के लिए लगातार काम कर रही है। यह चयन प्रक्रिया उसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

CGPSC द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, लिखित परीक्षा 5 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी, जबकि साक्षात्कार 12 मई 2026 को संपन्न हुआ। लिखित परीक्षा और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर अंतिम चयन सूची जारी की गई है।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें प्रदेश के नियोजित और संतुलित विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि चयनित अधिकारी अपने ज्ञान, कौशल और समर्पण से छत्तीसगढ़ के विकास में उल्लेखनीय योगदान देंगे।