March 3, 2026

राज्यसभा चुनाव: छत्तीसगढ़ से भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा का लंबा राजनीतिक और सामाजिक सफर

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी नेतृत्व ने संगठनात्मक अनुभव, सामाजिक समीकरण और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए उनके नाम पर मुहर लगाई है।

राज्यसभा सीट के लिए नामांकन प्रक्रिया निर्धारित तिथि पर शुरू होगी।


राजनीतिक सफर

बलौदाबाजार जिले के सिमगा ब्लॉक के ग्राम मुढ़पार की निवासी लक्ष्मी वर्मा वर्ष 1990 से भाजपा की प्राथमिक सदस्य रही हैं। वर्ष 2000 में उन्हें रमेश बैस (तत्कालीन रायपुर सांसद) का सांसद प्रतिनिधि नियुक्त किया गया।

वर्ष 2001 में वे भाजपा महिला मोर्चा कार्यसमिति की सदस्य चुनी गईं और चार वर्षों तक इस दायित्व का निर्वहन किया।

2010 में उन्हें भाजपा पंचायती राज प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय कार्यसमिति (2010–2014) और भाजपा महिला मोर्चा कार्यसमिति (2010–2022) का सदस्य बनाया गया।

उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए 2021 से 2025 तक उन्हें भाजपा का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। साथ ही 2021 से 2024 तक गरियाबंद संगठन प्रभारी एवं भाजपा मीडिया प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाली।


संवैधानिक सफर

लक्ष्मी वर्मा वर्ष 1994 में रायपुर नगर पालिका निगम के वार्ड क्रमांक 07 से पार्षद निर्वाचित हुईं।

वर्ष 2010 में वे रायपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष चुनी गईं। 2019 में एफएसएनएल, स्टील मिनिस्ट्री, भारत सरकार में स्वतंत्र निदेशक के रूप में कार्य किया।

7 अक्टूबर 2024 से वे छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य के रूप में संवैधानिक दायित्व निभा रही हैं।


सामाजिक क्षेत्र में सक्रियता

लक्ष्मी वर्मा ने सामाजिक क्षेत्र में भी उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। वर्ष 1998 में वे शक्ति महिला मंच रायपुर की अध्यक्ष बनीं। 1999 में नेहरू युवा केंद्र रायपुर से जिला युवा पुरस्कार से सम्मानित हुईं।

2004 में श्रम पुनर्वास समिति, जिला रायपुर की सदस्य मनोनीत की गईं। 2009 से वे छत्तीसगढ़ एकता मजदूर कल्याण संघ की प्रधान संरक्षक हैं।

2011 से वे कुटुम्ब न्यायालय रायपुर में परामर्शदाता सदस्य हैं। 2014 से किसान संघर्ष समिति रायपुर की विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में जुड़ी हुई हैं। 2023 से वे अखिल भारतीय पंचायत परिषद की राष्ट्रीय महासचिव हैं। साथ ही छत्तीसगढ़ स्काउट गाइड की उपाध्यक्ष भी हैं।

मनवा कुर्मी समाज में भी उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। 2000 से 2006 तक वे मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला महामंत्री रहीं। 2006 से 2008 तक प्रदेश संगठन मंत्री और 2008 से 2010 तक छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी प्रदेश महिला अध्यक्ष रहीं। वर्तमान में वे अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा की महिला राष्ट्रीय महासचिव हैं।