बिलासपुर। केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। 5 सितंबर को जारी अधिसूचना के मुताबिक, ओडिशा हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्रा को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
वहीं, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय कुमार अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
26 साल से अधिक का न्यायिक और कानूनी अनुभव
न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्रा ने 7 फरवरी 1988 को उड़ीसा राज्य बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया था। उन्हें सिविल, सेवा, आपराधिक और संवैधानिक कानून समेत विभिन्न विधिक क्षेत्रों में करीब 26 वर्षों का अनुभव रहा है।
उन्होंने ओडिशा सरकार के साथ-साथ ओडिशा लोक सेवा आयोग के लिए अतिरिक्त स्थायी वकील के रूप में भी कार्य किया है। इसके अलावा वे सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक्स लिमिटेड, क्योंझर, मानव संसाधन विकास मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS), नई दिल्ली, नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड और बैंक ऑफ बड़ौदा समेत विभिन्न संस्थानों की ओर से अधिवक्ता के रूप में पैरवी कर चुके हैं।
2015 में बने थे हाईकोर्ट के न्यायाधीश
न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्रा को 17 अप्रैल 2015 को ओडिशा हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया था। लंबे न्यायिक अनुभव के बाद अब उन्हें छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, न्यायमूर्ति संजय कुमार अग्रवाल के राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बनने से छत्तीसगढ़ न्यायपालिका में भी महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव होगा।





