बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में कृषि विभाग ने अवैध कृषि आदान सामग्री के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम बीजाभाठा स्थित एक गोदाम पर छापेमारी कर भारी मात्रा में कृषि सामग्री, पैकिंग मशीनें और अन्य उपकरण जब्त किए गए। कार्रवाई के बाद गोदाम को सील कर दिया गया है। वहीं, जब्त सामग्री के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।
कलेक्टर के निर्देश पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर कृषि विभाग की जिला और ब्लॉक स्तरीय टीम ने मारूति एग्रो बायोटेक के गोदाम में दबिश दी। निरीक्षण के दौरान गोदाम में अवैध रूप से कृषि आदान सामग्री का भंडारण और पैकेजिंग किए जाने का मामला सामने आया।
गोदाम से क्या-क्या हुआ जब्त?
छापेमारी के दौरान टीम ने बड़ी मात्रा में कृषि सामग्री और उपकरण बरामद किए, जिनमें शामिल हैं—
- 10 किलोग्राम पैकिंग बाल्टी
- ‘भू लक्ष्मी महासार’ जैव उत्प्रेरक (500 मि.ली.) के 2,880 पैक
- वीएजीएमआई प्रोम की 8 किलोग्राम पैकिंग
- 40 किलोग्राम पैकिंग की 5,129 बोरियां
- 8 किलोग्राम पैकिंग की 153 खुली बोरियां
- 50 किलोग्राम पैकिंग में 1,880 बोरियां कच्चा कृषि सामग्री
- 7 पैकिंग मशीनें
- 11 इलेक्ट्रॉनिक तोलक (वजन मशीन)
- 3 बोरी सिलाई मशीनें
जांच के लिए भेजे गए नमूने
कृषि विभाग ने जब्त की गई सामग्री के नमूने परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने कहा कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




