धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से नेपाल घूमने निकला 26 वर्षीय युवक अचानक लापता हो गया है। युवक का मोबाइल प्रयागराज के पास रेलवे फाटक पर एक अन्य व्यक्ति को मिला है। कई दिनों तक युवक से संपर्क नहीं होने के बाद परेशान परिजनों ने कुरूद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
15 अगस्त को घर से निकला था युवक
मामला कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम बिजनापुरी का है। लापता युवक सेवत कुमार साहू (26 वर्ष) एलएलबी का छात्र है। जानकारी के मुताबिक, वह 15 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे घर से नेपाल जाने के लिए निकला था।
19 अगस्त को सेवत ने अपने पिता को फोन कर पैसों की जरूरत बताई थी। इसके बाद पिता ने उसके फोन-पे के जरिए 700 रुपये भेजे। 20 अगस्त को भी परिजनों की उससे फोन पर बात हुई थी। इस दौरान युवक ने खुद को बनारस से आगे सफर में होना बताया था। हालांकि, उसी शाम उसका मोबाइल फोन बंद हो गया।
प्रयागराज में मिला युवक का मोबाइल
22 अगस्त को परिजनों ने दोबारा युवक के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। इस दौरान फोन अमन गुप्ता नामक व्यक्ति ने उठाया। उसने बताया कि मोबाइल उसे प्रयागराज जिले के उग्रसेनपुर रेलवे स्टेशन फाटक के पास मिला है।
मोबाइल मिलने के बाद भी युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी तलाश की, लेकिन सेवत का कोई सुराग नहीं मिला।
4 सितंबर को दर्ज कराई गुमशुदगी की रिपोर्ट
युवक के लंबे समय तक घर नहीं लौटने पर उसके पिता ने 4 सितंबर को कुरूद थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने BNS की धारा 140(3) के तहत मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल और डिजिटल सुरागों से तलाश
पुलिस युवक के मोबाइल, उसके आखिरी संपर्क और यात्रा से जुड़े संभावित सुरागों की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक आखिरी बार कहां था और प्रयागराज में उसका मोबाइल कैसे पहुंचा। फिलहाल युवक के बारे में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।




