बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में कलेक्ट्रेट कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एसडीएम चैंबर की फॉल सीलिंग अचानक भरभराकर गिर गई। घटना एसडीएम Prakash Bhardwaj के कक्ष में हुई, हालांकि राहत की बात यह रही कि उस समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार यह घटना गुरुवार देर शाम की है। जब कर्मचारी बाद में कार्यालय पहुंचे तो उन्होंने एसडीएम चैंबर की फॉल सीलिंग गिरी हुई देखी। घटना के बाद दफ्तर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि हाल ही में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा कार्यालय भवन में रिनोवेशन का कार्य कराया गया था। घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और जिम्मेदार एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है और यह पता लगाया जा रहा है कि फॉल सीलिंग गिरने के पीछे तकनीकी खामी थी या निर्माण में लापरवाही।





