डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ भाजपा में संगठनात्मक असंतोष लगातार गहराता जा रहा है। 111 कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे के बाद अब पूर्व भाजयुमो मंडल अध्यक्ष सुमित मिश्रा, पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष एम. तुलसी, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला मंत्री बलविंदर सिंह भाटिया समेत 26 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत को भेजे गए इस्तीफा पत्र में कार्यकर्ताओं ने शहर मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नोतआना पर परिवारवाद, गुटबाजी और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि संगठन में फैसले कुछ चुनिंदा लोगों के प्रभाव में लिए जा रहे हैं, जिससे वर्षों से पार्टी के लिए काम कर रहे कार्यकर्ता खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
इससे पहले 111 कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे की खबर सामने आने पर भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने कहा था कि उन्हें किसी भी प्रकार का इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं इस्तीफा देने वाले नेताओं का दावा है कि यह छत्तीसगढ़ में भाजपा के इतिहास का सबसे बड़ा सामूहिक इस्तीफा है। उनका कहना है कि जब इस घटनाक्रम की जानकारी प्रदेश और देशभर में पहुंच चुकी है, तो जिला अध्यक्ष को इसकी जानकारी नहीं होना सवाल खड़े करता है।
इस बीच भाजपा के जमीनी कार्यकर्ता अनिल पांडेय भी पार्टी छोड़ चुके हैं। वहीं नगर पालिका के पार्षद अमित छाबड़ा ने भी भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। लगातार हो रहे इस्तीफों से डोंगरगढ़ भाजपा में संगठनात्मक संकट गहराता नजर आ रहा है और माना जा रहा है कि आने वाले समय में डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की राजनीतिक चुनौतियां बढ़ सकती हैं।





