रायपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET परीक्षा पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं और युवाओं को लेकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयानों के मामले में छत्तीसगढ़ में सियासत तेज हो गई है। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने बुधवार को भाजपा सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत और केरल निवासी आरएसएस विचारक व भाजपा के पूर्व राज्य बौद्धिक प्रकोष्ठ प्रमुख टीजी मोहनदास के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत सौंपने के बाद महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रायपुर में कंगना रनौत का पुतला दहन किया और दोनों नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
टीजी मोहनदास के बयानों को लेकर आपत्ति
महिला कांग्रेस की नेशनल कोऑर्डिनेटर प्रीति उपाध्याय शुक्ला ने बताया कि टीजी मोहनदास ने अपने यूट्यूब चैनल “Pathrika” पर जारी वीडियो में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही छात्राओं और महिलाओं को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं।
महिला कांग्रेस का आरोप है कि उनके बयानों में प्रदर्शनकारी महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया। संगठन ने आरोप लगाया कि उन्होंने प्रदर्शनकारियों को लेकर हिंसक और आपत्तिजनक बातें भी कही हैं।
कंगना रनौत के बयानों पर भी जताई नाराजगी
शिकायत में भाजपा सांसद कंगना रनौत के सार्वजनिक बयानों का भी उल्लेख किया गया है। महिला कांग्रेस का आरोप है कि कंगना रनौत ने NEET विरोध प्रदर्शन में शामिल छात्र-छात्राओं और विशेषकर युवा महिलाओं को लेकर अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।
संगठन का कहना है कि इस तरह की टिप्पणियां महिलाओं की सामाजिक प्रतिष्ठा, सम्मान और गरिमा को प्रभावित करने वाली हैं।
महिला आयोग से कार्रवाई की मांग
प्रीति उपाध्याय शुक्ला ने कहा कि सार्वजनिक पदों पर बैठे लोगों द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए ऐसे बयान संविधान में दिए गए समानता और सम्मान के अधिकार की भावना के खिलाफ हैं। उन्होंने महिला आयोग से मामले में हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई की मांग की।
महिला कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू को ज्ञापन सौंपकर दोनों नेताओं के बयानों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही संबंधित थाना और साइबर क्राइम प्रकोष्ठ को भारतीय न्याय संहिता (BNS), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और अन्य लागू कानूनों के तहत कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की गई है।
रायपुर में कंगना रनौत का पुतला फूंका
शिकायत के बाद महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रायपुर में कंगना रनौत का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की नेशनल कोऑर्डिनेटर प्रीति उपाध्याय शुक्ला, ममता राय, हजरून बानो, गंगा यादव, सबा अली, कल्पना सागर, डिंपल खान, पूनम पांडे सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।




