जांजगीर-चांपा। जिले के नैला चौकी क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। पत्नी से विवाद के बाद कथित रूप से मानसिक तनाव में चल रहे एक व्यक्ति ने अपने दो मासूम बेटों के साथ जहर सेवन कर आत्महत्या कर ली। घटना में पिता समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान रमेश कुमार पटेल (35 वर्ष), उनके पुत्र आदर्श पटेल (3 वर्ष) और अभिनव पटेल (करीब 2 वर्ष) के रूप में हुई है। बुधवार को तीनों के शव घर में मिले, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
पत्नी से विवाद के बाद था तनाव
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लगभग एक सप्ताह पहले रमेश कुमार पटेल का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था। विवाद के बाद उसकी पत्नी मायके चली गई थी। मंगलवार को रमेश अपनी पत्नी को वापस लाने उसके मायके गया था, लेकिन पत्नी ने लौटने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह अकेले घर वापस आ गया था।
बताया जा रहा है कि इसी मानसिक तनाव के बीच उसने पहले अपने दोनों बच्चों को जहर दिया और बाद में स्वयं भी जहर सेवन कर लिया।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर नैला चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर मर्ग कायम किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी योगिताबाली खापर्डे स्वयं मौके पर पहुंचीं और जांच की निगरानी की।
फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। वहीं तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।





