May 13, 2026

भाजपा कार्यसमिति बैठक में नक्सल उन्मूलन और बस्तर विकास पर चर्चा, कांग्रेस पर साधा निशाना

रायपुर। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की अहम बैठक में नक्सल उन्मूलन, बस्तर के विकास और विभिन्न राज्यों में भाजपा की चुनावी जीत को लेकर चर्चा की गई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए पार्टी पदाधिकारियों ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पहले कार्यकर्ता बैठकों में अपनी समस्याएं रखते थे, लेकिन अब भाजपा कार्यसमिति में नक्सल उन्मूलन जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि बस्तर के मड़ई-मेलों में फिर से रौनक लौट आई है और क्षेत्र विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को स्टैंडिंग ओवेशन दिया गया। पार्टी ने नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बस्तर की बदलती तस्वीर पर विस्तृत चर्चा की।

वहीं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भाजपा की दो दिवसीय बैठक आयोजित की गई है। पहले दिन प्रदेश पदाधिकारियों और कोर कमेटी की बैठक हुई, जबकि दूसरे दिन प्रदेश कार्यसमिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पारित कर विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर जनता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

महिला आरक्षण विधेयक को लेकर अरुण साव ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि लोकसभा में कांग्रेस ने इसका विरोध किया है, जिसका खामियाजा पार्टी को भुगतना पड़ेगा।