अमरावती (महाराष्ट्र)। अमरावती के परतवाड़ा क्षेत्र में सामने आए अश्लील वीडियो कांड में पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले के मुख्य आरोपी अयान तनवीर पर 180 से अधिक लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर वायरल करने के गंभीर आरोप हैं।
जानकारी के अनुसार, अब तक जांच में करीब 350 से अधिक अश्लील वीडियो सामने आने की बात कही जा रही है, जिन्हें विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित किया गया था। मामला सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है और जांच एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है।
प्रशासन ने आरोपी अयान तनवीर के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उसके घर पर बुलडोजर कार्रवाई की है। नगर पालिका की टीम ने पहले नोटिस चस्पा किया, जिसके बाद जेसीबी की मदद से कथित अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
इसी बीच पुलिस ने मामले में दूसरी गिरफ्तारी भी की है। उजेर खान इकबाल खान पर आरोप है कि उसने मुख्य आरोपी के मोबाइल से वीडियो डाउनलोड कर उन्हें सोशल मीडिया पर साझा किया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस मामले से जुड़े किसी भी वीडियो या फोटो को सोशल मीडिया पर साझा न करें, क्योंकि ऐसा करना कानूनी अपराध है और इससे पीड़ितों की निजता प्रभावित होती है।
वहीं, जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के मोबाइल से कुछ डेटा डिलीट किया गया था, जिसे साइबर टीम रिकवर करने में जुटी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िताओं की पहचान गोपनीय रखी जा रही है और महिला पुलिस अधिकारियों की विशेष टीम जांच में लगी है।
इस घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी प्रतिक्रिया सामने आई है। कुछ संगठनों ने मामले की SIT जांच की मांग की है, ताकि पूरे नेटवर्क और इसके पीछे की साजिश का खुलासा हो सके।






