गढ़वा (झारखंड)। जिले के डंडा थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां 22 वर्षीय छात्रा ने पिस्तौल की नोक पर दुष्कर्म और बाद में शादी का झांसा देकर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, वह पलामू जिले के पनेरीबांध में रहकर पढ़ाई कर रही थी, जहां उसके पड़ोस में रहने वाले 18 वर्षीय युवक राहुल चौधरी से उसका संपर्क हुआ। आरोप है कि एक दिन आरोपी ने पिस्तौल दिखाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और विरोध करने पर शादी का झांसा देकर उसे चुप रहने के लिए मजबूर किया।
पीड़िता ने बताया कि वह डर के कारण अपने गांव लौट आई थी, लेकिन 4 अप्रैल को आरोपी अपने बहनोई के साथ उसके गांव पहुंचा और उसे जबरन अगवा कर लिया। इसके बाद उसे पलामू के विश्रामपुर क्षेत्र ले जाकर उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी का ढोंग रचाया गया।
आरोप है कि इसके बाद उसे गांव के पास तहले नदी पुल के नीचे ले जाकर आरोपी और उसके बहनोई ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। मामले को लेकर पीड़िता ने गंभीर आरोप लगाए हैं और न्याय की मांग की है।
वहीं पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पीड़िता और आरोपी के बीच पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध होने की बात भी सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।





